राधा गोविंद विश्वविद्यालय में संविधान दिवस पर गूंजा लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण का संदेश

Spread the News

रामगढ़, 26 नवंबर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, रामगढ़ के तत्वावधान में राधा गोविंद विश्वविद्यालय में संविधान दिवस के उपलक्ष्य पर संगोष्ठी सह युवा संवाद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना था।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संजय सिंह एवं युवा आइकन शशि शेखर सिंह उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। उनकी मनमोहक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा का वातावरण बना दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय सिंह ने कहा कि संविधान केवल हमें अधिकार ही नहीं देता, बल्कि अपने कर्तव्यों का बोध भी कराता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ सामाजिक सौहार्द को कमजोर करना नहीं है। हमें विरोध करने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर करना उचित नहीं है। प्रत्येक नागरिक को संविधान के मूल्यों का सम्मान करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

वहीं, युवा आइकन शशि शेखर सिंह ने विकसित भारत के संकल्पों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की ऊर्जा और शक्ति के प्रतीक होते हैं। समाज और देश के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। संविधान को केवल राजनीतिक बहस का विषय बनाने के बजाय उसे अपने आचरण का हिस्सा बनाना आवश्यक है। संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता महज शब्द नहीं, बल्कि ऐसे भारत की परिकल्पना हैं, जहां जाति, धर्म, भाषा, क्षेत्र और आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो। उन्होंने बस्तर और सुकमा जैसे क्षेत्रों में युवाओं की बदलती और निखरती छवि के बारे में भी जानकारी साझा की।

इस अवसर पर माय भारत के युवा एम्बेसडर नितेश कुमार मोदी ने कहा कि संविधान हमें भारत का नागरिक होने का अधिकार देता है, लेकिन एक जिम्मेदार नागरिक बनना हमारी अपनी जिम्मेदारी है। सरकार किसी दल की हो सकती है और विचारधारा किसी व्यक्ति की, लेकिन भारत हम सबका है तथा संविधान हम सभी का साझा विश्वास है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे संविधान का सम्मान करने के साथ-साथ उसके मूल्यों को अपने जीवन, समाज और राष्ट्र के चरित्र में आत्मसात करने का संकल्प लें।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार ने किया। उन्होंने युवाओं को धैर्य रखने तथा संवैधानिक मूल्यों को संरक्षित करने की सीख दी।

मौके पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, अनुराग कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, व्याख्यातागण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।