27 नवंबर को गोला के लुकैयाटांड में प्रस्तावित है मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का कार्यक्रम, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की हुई समीक्षा
रामगढ़,26 नवंबर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के 27 नवंबर 2026 को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त रूप से गोला प्रखंड के बरलंगा पंचायत अंतर्गत लुकैयाटांड स्थित कार्यक्रम स्थल का पुनः निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, आगंतुकों के आवागमन सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने को कहा।
वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, सुचारू यातायात संचालन तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने को कहा।
जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।