रामगढ़, 24 नवंबर: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत रामगढ़ जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में जिला परिवहन कार्यालय की ओर से सुभाष चौक पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन कर आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने रोचक और प्रभावशाली प्रस्तुति देकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया। कलाकारों ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने की अनिवार्यता बताई। इसके साथ ही शराब पीकर वाहन नहीं चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने का संदेश दिया गया।
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस के जवानों एवं सड़क सुरक्षा टीम के कर्मियों ने भी लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और आम लोगों के बीच सुरक्षित यातायात व्यवहार को बढ़ावा देना है। अधिकारियों ने संदेश दिया कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।