लुगुबुरू घंटाबाड़ी महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बोले– आदिवासी संस्कृति और विरासत को संरक्षित करना सरकार की प्राथमिकता

Spread the News

ललपनिया (बोकारो), 24 नवंबर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ में आयोजित राजकीय महोत्सव-2026 में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू बाबा की छत्रछाया में आदिवासी समाज को मिलने वाली नई ऊर्जा और शक्ति जीवन में प्रेरणा एवं मार्गदर्शन का स्रोत बनेगी। यह शक्ति समाज को आगे बढ़ने और अपनी परंपराओं एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सहेजने की प्रेरणा देगी। उन्होंने झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लुगुबुरू घंटाबाड़ी को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया है। इसी दिशा में यहां संग्रहालय का निर्माण कराया गया है। इस संग्रहालय के माध्यम से आने वाली पीढ़ियां आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जान सकेंगी।

उन्होंने बताया कि लुगुबुरू क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ कई अन्य विकास कार्य भी किए जा रहे हैं। इनमें सीतानाला स्थित ग्रीन रूम का निर्माण भी शामिल है। क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आगे भी विभिन्न योजनाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगुबुरू घंटाबाड़ी केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आस्था, पहचान, इतिहास और सांस्कृतिक गौरव का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके संरक्षण और विकास से आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।