प्रथम एवं द्वितीय अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बदली गई यातायात व्यवस्था, 14 नवंबर सुबह छह बजे से लागू होगा आदेश
रामगढ़, 13 नवंबर: छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। छठ घाटों तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और छठ व्रतियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में मालवाहक वाहनों, ट्रकों और बसों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 नवंबर को संध्या में प्रथम अर्घ्य तथा 16 नवंबर को प्रातःकाल द्वितीय अर्घ्य दिया जाएगा। इस दौरान छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रहने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ कृष्ण मुरारी तिर्की ने यातायात मार्ग में बदलाव से संबंधित आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजे से 16 नवंबर 2026 को रात 9 बजे तक रामगढ़ शहर में मालवाहक गाड़ियों, ट्रकों एवं बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। शनिचरा हाट से थाना चौक,पटेल चौक से रांची रोड तथा बरकाकाना से सुभाष चौक तक मालवाहक गाड़ियों, ट्रकों एवं बसों के आवागमन पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। साथ ही आम नागरिकों से भी सहयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि छठ महापर्व के दौरान शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर सकें।