मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने किया उद्घाटन, बोले- अस्पताल का शुभारंभ जिले के लिए ऐतिहासिक एवं सराहनीय पहल
रामगढ़, 11 नवंबर: रामगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बुधवार को एक नई पहल की शुरुआत हुई। एनएच-33 स्थित टायर मोड़, मुर्राम कलां में नवनिर्मित राधा गोविन्द अस्पताल का भव्य उद्घाटन समारोह धूमधाम एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। राधा गोविन्द शिक्षा एवं स्वास्थ्य संस्थान परिवार की ओर से आयोजित समारोह में झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने फीता काटकर अस्पताल का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) आदित्य साहू, रामगढ़ विधायक ममता देवी, बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी, झारखंड सरकार के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, समाजसेवी संजीव बेदिया एवं रूपा महतो सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। संस्थान के चेयरमैन बी. एन. साह एवं सचिव प्रियंका कुमारी भी समारोह में मौजूद रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मंत्री योगेन्द्र प्रसाद ने कहा कि राधा गोविन्द अस्पताल का शुभारंभ रामगढ़ जिले के लिए ऐतिहासिक और सराहनीय पहल है। स्वास्थ्य सेवा मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्हें उम्मीद है कि यह अस्पताल ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। शिक्षा के साथ स्वास्थ्य के क्षेत्र में संस्थान का प्रवेश समाज के विकास की दिशा में प्रशंसनीय कदम है।
संस्थान के चेयरमैन बी. एन. साह ने कहा कि आज का दिन पूरे संस्थान परिवार के लिए गौरवपूर्ण एवं अविस्मरणीय है। शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान स्थापित करने के बाद स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में कदम रखना एक नए संकल्प की शुरुआत है। हमारा उद्देश्य केवल अस्पताल का निर्माण करना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और मानव सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना है। माता-पिता के आशीर्वाद एवं सभी के सहयोग से यह सपना साकार हुआ है।
संस्थान की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि अस्पताल के माध्यम से रामगढ़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुलभ, बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। समाज की सेवा करना संस्थान का मूल संकल्प है।
राज्यसभा सांसद प्रो. (डॉ.) आदित्य साहू ने कहा कि स्वस्थ समाज ही समृद्ध समाज की नींव है। राधा गोविन्द हॉस्पिटल का शुभारंभ क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में सराहनीय पहल है। वहीं विधायक ममता देवी ने इसे क्षेत्र के लोगों के लिए नई उम्मीद और बेहतर भविष्य की शुरुआत बताया।
समारोह में राधा गोविन्द संस्थान के चेयरमैन बी. एन. साह की धर्मपत्नी फूलमती देवी, डॉ. संजय कुमार, अजय कुमार, राधा गोविन्द विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, समाजसेवी सीपी संतन एवं मीडिया प्रभारी डॉ. संजय कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी, अभिभावक एवं सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय प्रसाद सिंह ने किया। समारोह में उपस्थित अतिथियों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए अस्पताल के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अस्पताल के शुभारंभ को रामगढ़ एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।