नई दिल्ली, 11 नवंबर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। बोर्ड की ओर से 6 नवंबर को जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। इस बार परीक्षा कार्यक्रम करीब 101 दिन पहले जारी किया गया है, ताकि विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से 9 मार्च 2027 तक आयोजित होंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर 9 अप्रैल 2027 तक चलेंगी। अधिकांश परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से आयोजित की जाएंगी। विषय के अनुसार परीक्षा की अवधि दो और तीन घंटे निर्धारित की गई है।
सीबीएसई के अनुसार, इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में 26.5 लाख से अधिक और 12वीं की परीक्षा में करीब 19.8 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। 10वीं में 83 तथा 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
बोर्ड ने बताया कि डेटशीट तैयार करते समय विद्यार्थियों के विषय संयोजन, प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तिथियों और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है। करीब 40 हजार से अधिक विषय संयोजनों को ध्यान में रखकर परीक्षा कार्यक्रम तैयार किया गया है, ताकि एक ही विद्यार्थी के विषयों की परीक्षा आपस में न टकराए।
हालांकि, 12वीं की डेटशीट में 22 मार्च 2027 को पांच विषयों की परीक्षा निर्धारित होने से चर्चा शुरू हो गई है। यह तिथि होली के त्योहार के साथ पड़ रही है। इन विषयों में नॉलेज ट्रेडिशन एंड प्रैक्टिसेज ऑफ इंडिया, भोटी, कोकबोरोक, बैंकिंग और इलेक्ट्रॉनिक्स टेक्नोलॉजी शामिल हैं। फिलहाल बोर्ड की ओर से इन परीक्षाओं की तिथि में बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट cbse.gov.in से अपनी विषयवार डेटशीट डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारी की योजना बनाएं।