महाराष्ट्र से दिल्ली, यूपी, एमपी और ओडिशा तक आग का कहर; रिहायशी इमारतें, फैक्ट्रियां, गोदाम और सरकारी कार्यालय आए चपेट में
नई दिल्ली, 09 नवंबर: दीपावली के मौके पर जहां पूरा देश रोशनी और आतिशबाजी के जश्न में डूबा रहा, वहीं कई राज्यों में आग लगने की घटनाओं ने त्योहार की खुशियों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया। महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा और गुजरात समेत देश के कई हिस्सों में भीषण आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में रिहायशी इमारतों, औद्योगिक इकाइयों, दुकानों, गोदामों और सरकारी कार्यालयों को नुकसान पहुंचा।
महाराष्ट्र में मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, नागपुर और पुणे में आग लगने की कई घटनाएं हुईं। ठाणे के रहेजा गार्डन स्थित बहुमंजिला इमारत की आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल पर आग लग गई। धुएं के कारण इमारत में फंसे करीब 50 लोगों को दमकलकर्मियों और बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाला। नागपुर में एक टीवीएस शोरूम में पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई गई, जिसमें कई दोपहिया वाहन जल गए। पुणे में दीपावली के दौरान आग लगने की 63 घटनाएं दर्ज की गईं।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में रबर फैक्टरी में आग लग गई। वहीं नजफगढ़ के नांगली सकरावती इलाके में गारमेंट फैक्टरी भी आग की चपेट में आ गई। दमकल विभाग की कई गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में कबाड़ कारोबारी के गोदाम में आग लगने की घटना सामने आई।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित विश्वकर्मा हार्डवेयर की इमारत में आग लग गई। दमकलकर्मियों और पुलिस ने अभियान चलाकर तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें एक बुजुर्ग भी शामिल थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। देवास में भी आग लगने की कई घटनाएं सामने आईं।
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के शिखरचंडी स्थित रेशम उत्पादन कार्यालय में आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। वहीं गुजरात के सुरेंद्रनगर में डाल रोड स्थित विजय सोसाइटी के एक आवासीय मकान में आग लगने की घटना सामने आई।
इन घटनाओं के बाद अग्निशमन विभाग की सक्रियता और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक तौर पर कुछ घटनाओं में पटाखों की चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई गई है, जबकि अन्य मामलों में आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
दीपावली के दौरान हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर पटाखे जलाते समय सावधानी बरतने, बिजली के उपकरणों की जांच करने और अग्निशमन सुरक्षा के इंतजाम दुरुस्त रखने की जरूरत को रेखांकित किया है।