राष्ट्रीय एकता दिवस पर रामगढ़ में माय भारत के नए कार्यालय का उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा विकास का मंच

Spread the News

युवा प्रतिभाओं को कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जोड़ने की होगी पहल

रामगढ़, 01 नवंबर: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को रामगढ़ ब्लॉक स्थित भवन में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर मेरा युवा भारत (माय भारत) के नए कार्यालय का उद्घाटन किया गया। जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर, व्याख्याता संजय सिंह एवं विनोबा भावे विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य संजय प्रभाकर ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर तथा भारत माता की आरती के साथ हुई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। इसमें ओज के कवि किशन आनंद एवं शौर्य श्रीवास्तव ने अपनी कविताओं के माध्यम से देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारियों का संदेश दिया।

जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कहा कि माय भारत कार्यालय के माध्यम से जिले के युवाओं को सरकारी युवा कार्यक्रमों, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता निर्माण, स्वयंसेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों, खेलकूद एवं राष्ट्रीय युवा महोत्सव जैसी गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा।

युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि माय भारत का उद्देश्य युवाओं को केवल कार्यक्रमों का प्रतिभागी बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला सक्रिय नेतृत्वकर्ता बनाना है। वहीं, व्याख्याता संजय सिंह ने कहा कि युवाओं में किसी भी दिशा और दशा को बदलने की शक्ति एवं साहस है। उनकी ऊर्जा और सकारात्मक सोच राष्ट्र को नई दिशा दे सकती है।

कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास एवं राष्ट्रीय एकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई। मौके पर राजेश ठाकुर, शशि शेखर सिंह, विकास सुधांशु, राजीव पामदत्त, महेश कुमार, अंजू ठाकुर, नेहा कुमारी, संजय अग्रवाल, अभय ओझा, निखिल कुमार, स्मृति भारद्वाज सहित कई गणमान्य व्यक्ति, युवा कार्यकर्ता एवं युवा उपस्थित थे।