JTET परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, रामगढ़ में 50 केंद्रों पर जुटेंगे 20,293 अभ्यर्थी

Spread the News

उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने की संयुक्त ब्रीफिंग, कदाचारमुक्त परीक्षा कराने के दिए निर्देश

रामगढ़, 30 अक्टूबर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 1 नवंबर को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इसमें प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

रामगढ़ जिले में परीक्षा के लिए कुल 50 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली में 13,734 तथा द्वितीय पाली में 6,559 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली का समय दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित है।

उपायुक्त ऋतुराज ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षार्थियों की नियमानुसार जांच, आवश्यक अभिलेखों के संधारण तथा वीक्षकों और अन्य कर्मियों को उनके दायित्वों की स्पष्ट जानकारी देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वहीं, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा किसी भी अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए परीक्षा संपन्न कराने का निर्देश दिया गया है।