रामगढ़ छावनी परिषद के नामित सदस्य बने सरदार अनमोल सिंह, भारत सरकार के गजट में अधिसूचना जारी

Spread the News

सांसद मनीष जायसवाल के प्रस्ताव पर हुआ मनोनयन, लंबे समय बाद तदर्थ बोर्ड में नागरिक प्रतिनिधित्व की उम्मीद जगी

रामगढ़ कैंट, 28 अक्टूबर: भारतीय जनता पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता, छावनी परिषद रामगढ़ के पूर्व उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि सरदार अनमोल सिंह को छावनी परिषद रामगढ़ के तदर्थ बोर्ड का नामित सदस्य मनोनीत किया गया है। इस संबंध में भारत सरकार के गजट में अधिसूचना प्रकाशित होने की जानकारी सामने आई है। उनके मनोनयन से छावनी परिषद में नागरिक प्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छावनी परिषद का तदर्थ बोर्ड लंबे समय से बिना किसी नागरिक प्रतिनिधि के संचालित हो रहा था। इस स्थिति को देखते हुए हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने सरदार अनमोल सिंह के नाम की अनुशंसा की थी। इसके बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के निर्देशानुसार रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा विभाग की ओर से उनके मनोनयन की प्रक्रिया पूरी की गई।

सरदार अनमोल सिंह के नामित सदस्य बनाए जाने से भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है। उनके मनोनयन को संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, सक्रियता और लंबे समय से क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

सरदार अनमोल सिंह के शीघ्र पदभार ग्रहण करने की संभावना है। उनके बोर्ड में शामिल होने से छावनी क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं, विकास कार्यों, सड़क, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को परिषद के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

उनके समर्थकों ने विश्वास जताया कि सांसद मनीष जायसवाल के मार्गदर्शन में सरदार अनमोल सिंह रामगढ़ कैंट के विकास को नई दिशा देने और नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उनके मनोनयन को छावनी क्षेत्र में जनहित से जुड़े मुद्दों को नई आवाज मिलने के रूप में देखा जा रहा है।