नयासराय रेलवे लाइन के पास पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, शाहिद समेत दो गिरफ्तार; हथियार बरामद
रांची, 28 अक्टूबर: राजधानी रांची में मंगलवार को पुलिस और राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गई। विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय स्थित रेलवे लाइन के पास हुई इस मुठभेड़ में गिरोह का शूटर शाहिद पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके एक अन्य साथी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घायल शाहिद को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल सिंह गिरोह का शूटर शाहिद अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से दलादली चौक की ओर से विधानसभा क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने नयासराय इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शाहिद के पैर में गोली लगी। घायल होने के बावजूद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे और उसके साथी को पकड़ लिया।
मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में शाहिद का नाम कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी, बेड़ो के लूटकांड और गुमला जिले में शिवालया कंस्ट्रक्शन साइट पर हुई फायरिंग जैसी घटनाओं से जुड़ने की बात सामने आई है। इन मामलों में उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।