गृह रक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर रामगढ़ में 13 दिनों तक यातायात प्रतिबंध

Spread the News

कोठार चौक से थाना चौक तक सुबह 3:30 से रात 9 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद

रामगढ़, 24 अक्टूबर: झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ के विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत गृह रक्षक नवनामांकन प्रक्रिया को लेकर शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक सिद्ध-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने विशेष यातायात प्रतिबंध लागू किया है।

निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, 24 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 3:30 बजे से रात 9 बजे तक कोठार चौक से थाना चौक तक मालवाहक गाड़ियों, ट्रकों, टेंपो, भारी वाहनों तथा बड़ी सवारी गाड़ियों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह प्रतिबंध दोनों दिशाओं में लागू होगा। यानी कोठार चौक से थाना चौक और थाना चौक से कोठार चौक की ओर इन वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा।

गृह रक्षक भर्ती परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि परीक्षा केंद्र के आसपास जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा स्थल तक पहुंचने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

प्रशासन ने संबंधित वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रतिबंधित मार्ग पर निर्धारित समय के दौरान आवागमन नहीं करने की अपील की है। वाहन चालकों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की आवश्यकता है।