एडीजी प्रिया दुबे ने मुख्यमंत्री से मिलकर दिया आमंत्रण, खेलगांव में आयोजित होगा समारोह
रांची, 24 अक्टूबर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी), जैप प्रिया दुबे ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
यह प्रतियोगिता 26 अक्टूबर 2026 को रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आमंत्रण के लिए आभार व्यक्त किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान आईजी (जैप) सुनील भास्कर और डीआईजी (जैप) कार्तिक एस. भी उपस्थित रहे। अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने से आयोजन को विशेष महत्व मिला है।