रामगढ़, 12 अक्टूबर: जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में रविवार को प्रशासन की ओर से विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन को लेकर संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान उपस्थित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, लोगों के सुगम आवागमन तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। कार्यक्रम में लोगों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए आवागमन को सुचारू बनाए रखना और किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोकना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।