मोरहाबादी आवास पहुंचकर पुष्प अर्पित किए, हेमंत सोरेन व परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
रांची, 9 अक्टूबर। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिशोम गुरु शिबू सोरेन की पत्नी स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से राज्य में शोक की लहर है। गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचकर रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की।
रूपी सोरेन के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए राज्य के कई मंत्री, सांसद, विधायक, पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व मंत्री, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में आम लोग भी मोरहाबादी स्थित आवास पहुंचे। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और चंपाई सोरेन समेत कई नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी।
रूपी सोरेन का बुधवार रात रांची के हिल व्यू हॉस्पिटल में निधन हुआ था। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और सांस लेने में परेशानी के बाद 18 सितंबर को हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राष्ट्रीय नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है।
श्रद्धांजलि के बाद रूपी सोरेन का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।