बेंगलुरु, 9 अक्टूबर। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार को कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में प्रदर्शन किया गया। फ्रीडम पार्क में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जुटे। प्रदर्शन में अभिनेता-कार्यकर्ता प्रकाश राज, यूट्यूबर ध्रुव राठी और CJP संस्थापक अभिजीत दिपके समेत कई सामाजिक एवं युवा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रदर्शन से पहले ‘पीपुल्स ट्रिब्यूनल’ का आयोजन किया गया, जिसमें कर्नाटक के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे उन लोगों ने अपनी बात रखी, जिनका दावा है कि SIR प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए हैं। आयोजकों ने इसके बाद महिलाओं के समर्थन में ‘चप्पल प्रदर्शन’ भी आयोजित किया।
प्रदर्शनकारियों ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही SIR प्रक्रिया को रोकने, कथित तौर पर हटाए गए नामों को बहाल करने और मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र जांच की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के दौरान ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए गए।
प्रकाश राज ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे तक सीमित नहीं है, बल्कि वे SIR प्रक्रिया को पूरी तरह वापस लेने की मांग कर रहे हैं। वहीं ध्रुव राठी ने निर्वाचन आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठाए। CJP की ओर से कहा गया कि मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
बेंगलुरु का यह प्रदर्शन CJP की ओर से देश के विभिन्न हिस्सों में चलाए जा रहे SIR विरोधी अभियान का हिस्सा है। संगठन ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन की घोषणा की है।