नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2026। दिल्ली में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों और 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। केंद्र सरकार ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए CAPF की करीब 50 अतिरिक्त कंपनियां दिल्ली भेजने का फैसला किया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में पहले से करीब 150 CAPF कंपनियां तैनात हैं। अतिरिक्त कंपनियों के पहुंचने के बाद केंद्रीय बलों की कुल तैनाती 200 से अधिक कंपनियों की हो जाएगी। इन बलों में करीब 20 हजार जवान शामिल होंगे। अतिरिक्त बलों की तैनाती 8 से 12 अक्टूबर तक रखने की जानकारी सामने आई है।
इन जवानों को दिल्ली पुलिस के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था संभालने, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में लगाया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने मौजूदा विरोध प्रदर्शनों और आगामी कार्यक्रम को देखते हुए अतिरिक्त केंद्रीय बलों की मांग की थी, जिसके बाद यह तैनाती की गई है।
राजधानी में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन जारी हैं। बुधवार को INDIA ब्लॉक के नेताओं के जंतर-मंतर की ओर मार्च के दौरान पुलिस ने नेताओं को रोका और कई नेताओं को हिरासत में लिया था।
इसी बीच, दिल्ली पुलिस ने संवेदनशील स्थानों और राजधानी में प्रवेश करने वाले मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियां आगामी प्रदर्शन के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त बलों की तैनाती कर रही हैं।