जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग पर रामगढ़-गिद्दी मुख्य मार्ग जाम, तीन पंचायतों के ग्रामीणों ने अरगड्डा बेगामोड़ पर लगाया बैरियर

Spread the News

रामगढ़/गिद्दी, 30 सितंबर : जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने रामगढ़-गिद्दी मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। मांडू प्रखंड की बुमरी, बड़का चुम्बा और मंझला चुम्बा पंचायत के ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने अरगड्डा बेगामोड़ के समीप सड़क पर बैरियर लगाकर आवागमन बाधित कर दिया। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीणों की प्रमुख मांगों में अरगड्डा-चपरी मोड़ से कंजगी यादव मोड़ तक सड़क निर्माण, गणेश होटल कंजगी से उप स्वास्थ्य केंद्र फुलसराय तक सड़क निर्माण तथा अरगड्डा पुराने कांटाघर से लुकैया-मंझला चुम्बा तक सड़क का पुनर्निर्माण शामिल है। ग्रामीणों का कहना है कि ये सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बरसात के दौरान जलजमाव और कीचड़ के कारण स्थिति और खराब हो जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार इन सड़कों से कंजगी, बुमरी, पड़रिया, बड़का चुम्बा, मंझला चुम्बा, छोटका चुम्बा, फुलसराय, लुकैया समेत कई गांव जुड़े हैं। सड़क की बदहाली के कारण विद्यार्थियों, मरीजों, दैनिक मजदूरों और आम राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़कों की स्थिति और खराब हुई है।

बताया गया कि ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर पहले जिला प्रशासन को आवेदन देकर 29 सितंबर से चक्का जाम की चेतावनी दी थी। इसके बाद मंगलवार को आंदोलन शुरू किया गया। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर ठोस पहल नहीं होती, आंदोलन जारी रखा जाएगा।

सड़क जाम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। आंदोलन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और राहगीरों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ा।