रामगढ़, 30 सितंबर: शहर के गोला रोड स्थित रामप्रसाद चंद्रभान सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय क्षेत्रीय वैदिक गणित-विज्ञान मेला 2026-27 में झारखंड और बिहार के विभिन्न सरस्वती शिशु एवं विद्या मंदिरों से चयनित विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 28 से 30 सितंबर तक आयोजित मेले में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित एवं संगणक से जुड़े विभिन्न मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल भी शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान एवं गणित के मॉडल और प्रोजेक्ट का अवलोकन किया तथा बच्चों की रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की सराहना की।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने जल प्रबंधन, ऊर्जा संरक्षण, कृषि, खाद्य संरक्षण, जल प्रदूषण नियंत्रण, पर्यावरण संरक्षण और विभिन्न नवाचारी विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। बच्चों ने निर्णायक मंडल एवं अतिथियों को अपने-अपने प्रोजेक्ट की कार्यप्रणाली और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी।
क्षेत्रीय स्तर के इस आयोजन में विद्यार्थियों की जिज्ञासा, तार्किक क्षमता, अनुसंधान, रचनात्मकता और नवाचार स्पष्ट रूप से देखने को मिला। प्रांतीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया था। झारखंड और बिहार के विद्यालयों से पहुंचे प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें प्रयोग, अनुसंधान और समस्या के वैज्ञानिक समाधान की दिशा में प्रेरित करना है। मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थियों के मॉडल और विचारों से सीखने का भी अवसर मिला।