नई दिल्ली, 26 सितंबर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के सैंपल प्रश्नपत्र और मार्किंग स्कीम जारी कर दी है। विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए दोनों कक्षाओं के विभिन्न विषयों के कुल 138 सैंपल पेपर उपलब्ध कराए गए हैं। ये सामग्री CBSE की आधिकारिक अकादमिक वेबसाइट पर जारी की गई है।
CBSE के अनुसार सैंपल प्रश्नपत्र विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र के प्रारूप, प्रश्नों के प्रकार और अंक निर्धारण की व्यवस्था को समझने में मदद करेंगे। साथ ही मार्किंग स्कीम से विद्यार्थियों को यह समझने में सहायता मिलेगी कि अलग-अलग प्रश्नों के उत्तर के लिए अंक किस आधार पर दिए जाएंगे।
कक्षा 10वीं के लिए विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, गणित बेसिक एवं स्टैंडर्ड सहित विभिन्न भाषाओं और अन्य विषयों के सैंपल पेपर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं कक्षा 12वीं के लिए भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, गणित, अकाउंटेंसी, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र, इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान, समाजशास्त्र, हिंदी, अंग्रेजी समेत विभिन्न विषयों के प्रश्नपत्र जारी किए गए हैं।
सैंपल पेपर के माध्यम से विद्यार्थी निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार प्रश्नों के अभ्यास के साथ परीक्षा में समय प्रबंधन और उत्तर लिखने की रणनीति पर भी काम कर सकते हैं। CBSE पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि सैंपल प्रश्नपत्र प्रश्नपत्र डिजाइन और पाठ्यक्रम के व्यापक कवरेज को समझने के लिए मार्गदर्शक के रूप में काम करते हैं।