गया/पटना: 25 सितंबर: गयाजी और पुनपुन में 25 सितंबर आज से 10 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शुक्रवार को गयाजी में मेले का उद्घाटन करेंगे। देश-विदेश से बड़ी संख्या में आने वाले पिंडदानियों और श्रद्धालुओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने आवासन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, यातायात और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
इस बार मेले में पारंपरिक व्यवस्थाओं के साथ डिजिटल सुविधाओं को भी जोड़ा गया है। ‘पिंडदान गया जी’ ऐप और वेबसाइट के माध्यम से पिंडदान की वेदियों, धार्मिक अनुष्ठानों, पंडा, आवासन, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं की जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। श्रद्धालु ऑनलाइन पंजीकरण कर अपनी यात्रा की योजना भी बना सकेंगे।
श्रद्धालुओं के आवासन के लिए गांधी मैदान में करीब 2500 बेड की टेंट सिटी तैयार की गई है। वहीं, वृद्ध और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए 150 निशुल्क ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। मेला क्षेत्र में सीसीटीवी, ड्रोन और वीडियो कैमरों से निगरानी की जाएगी।
पुनपुन में भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। घाट पर करीब 5000 लोगों की क्षमता वाले पंडाल के साथ पेयजल, शौचालय, प्रकाश, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुरक्षा की सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। सूचना केंद्र, हेल्पलाइन और गाइड की व्यवस्था भी की गई है।
रेलवे ने भी श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक पुनपुन घाट हाल्ट और अनुग्रह नारायण स्नान घाट पर चयनित ट्रेनों के अस्थायी ठहराव की व्यवस्था की है।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा के लिए पर्यटन विभाग की ओर से विशेष पैकेज भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।