रांची, 24 सितंबर: झारखंड हाईकोर्ट को बुधवार को तीन नए न्यायाधीश मिले। गढ़वा, साहिबगंज और डालटनगंज के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (पीडीजे) रहे मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने हाईकोर्ट परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित समारोह में तीनों को शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण से पहले केंद्र सरकार की ओर से जारी नियुक्ति संबंधी वारंट को पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद क्रमशः मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने शपथ ली। समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीशों के अलावा वरिष्ठ अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी, रजिस्ट्री के पदाधिकारी और नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिजन मौजूद रहे।
तीनों न्यायिक सेवा से पदोन्नत होकर हाईकोर्ट पहुंचे हैं। मनोज प्रसाद शपथ लेने से पहले गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश थे। अखिल कुमार साहिबगंज में पीडीजे और राम शर्मा डालटनगंज (पलामू) में पीडीजे के पद पर कार्यरत थे। तीनों के हाईकोर्ट में आने के बाद झारखंड हाईकोर्ट में कार्यरत न्यायाधीशों की संख्या 16 हो गई है। हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत पद 25 हैं।
शपथ लेने के बाद तीनों नवनियुक्त न्यायाधीशों ने न्यायिक कार्य भी शुरू किया। मनोज प्रसाद ने मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक की अध्यक्षता वाली पीठ के साथ मामलों की सुनवाई की, जबकि अखिल कुमार और राम शर्मा ने अलग-अलग पीठों में मामलों की सुनवाई की।