आज झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट, 5 जिलों में ऑरेंज चेतावनी

Spread the News

रांची,24 सितंबर: झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से आज राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने झारखंड के लिए 24 सितंबर को बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में 24 सितंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, लातेहार, पलामू और गढ़वा समेत कई जिलों में भी भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है।

रांची मौसम केंद्र के मुताबिक बारिश के दौरान कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने 25 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव से सावधान रहने और तेज हवा व वज्रपात के दौरान खुले स्थान, पेड़ तथा बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।