रांची, 21 सितंबर: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए अब तक 5.71 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के 19 सितंबर के दैनिक बुलेटिन के अनुसार, 18 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए कुल 5,71,455 आवेदन मिले हैं। एक दिन में ही 6,270 नए आवेदन प्राप्त हुए।
SIR के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन के लिए दावा-आपत्ति की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। निर्वाचन आयोग ने नागरिकों की सुविधा को देखते हुए यह समयसीमा दूसरी और अंतिम बार बढ़ाई है। इससे उन पात्र नागरिकों को अतिरिक्त मौका मिला है, जिनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है।
मतदाता सूची से नाम हटाने अथवा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के तहत 8,431 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, नाम-पता समेत मतदाता सूची की प्रविष्टियों में संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के तहत 3,74,039 आवेदन मिल चुके हैं।
जिलावार आंकड़ों में फॉर्म-6 के सबसे अधिक आवेदन रांची में 59,022 प्राप्त हुए हैं। इसके बाद धनबाद में 52,481, पूर्वी सिंहभूम में 48,311, पलामू में 48,195 और गिरिडीह में 43,599 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
गौरतलब है कि SIR के तहत प्रारूप मतदाता सूची 5 अगस्त को प्रकाशित की गई थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावा-आपत्तियों के निपटारे के बाद 19 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
निर्वाचन अधिकारियों ने पात्र नागरिकों से निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने नाम और मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच कर आवश्यक दावा, आपत्ति या संशोधन संबंधी आवेदन जमा करने की अपील की है।