दीपिका सहरावत ने दागे आठ गोल, इशिका की हैट्रिक; सविता पूनिया ने 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला
नई दिल्ली, 21 सितंबर: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को अपने अभियान की धमाकेदार शुरुआत की। गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए पूल-बी के मुकाबले में भारत ने उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त दी। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण बनाए रखा और उज्बेकिस्तान को लगातार दबाव में रखा।
भारत की जीत की सबसे बड़ी स्टार दीपिका सहरावत रहीं, जिन्होंने अकेले आठ गोल दागे। उन्होंने 8वें, 22वें, 25वें, 33वें, 36वें, 38वें, 41वें और 54वें मिनट में गोल किए। इशिका ने तीन गोल कर हैट्रिक पूरी की। वहीं ललरेमसियामी, बलजीत कौर, नेहा गोयल, नवनीत कौर, ललथांतलुआंगी और साक्षी राणा ने भी गोल दागकर टीम की बड़ी जीत में योगदान दिया।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। ललरेमसियामी ने सातवें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद दीपिका और इशिका ने लगातार गोल करते हुए बढ़त को तेजी से बढ़ाया। मध्यांतर तक भारत 8-0 से आगे था। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा जारी रहा और टीम ने 11 और गोल जोड़कर स्कोर 19-0 कर दिया।
इस मुकाबले में अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने भी खास उपलब्धि हासिल की। उन्होंने अपना 320वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ियों की सूची में वंदना कटारिया की बराबरी की।
19-0 की जीत एशियन गेम्स में भारत की बड़ी जीतों में शामिल है। हालांकि, भारत का एशियाई खेलों में सबसे बड़ा जीत अंतर 1982 में हांगकांग के खिलाफ 22-0 रहा था। 2018 में भारत ने कजाखस्तान को 21-0 से हराया था।
भारतीय महिला टीम अब पूल-बी के अपने अगले मुकाबले में आज इंडोनेशिया से भिड़ेगी।