रामगढ़, 20 सितंबर: होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों एवं भर्ती समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। बैठक में भर्ती प्रक्रिया की अब तक की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी चरणों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कमांडेंट, होमगार्ड नीलिमा सोरे ने बताया कि भर्ती के लिए प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई है। इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन नियमानुसार रद्द किए गए हैं, उनकी सूची कारण सहित जारी की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
उपायुक्त ने भर्ती समिति के साथ समन्वय कर शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आयोजन का विस्तृत रोडमैप तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा, अनुशासन और निर्धारित नियमों के पालन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
बैठक के बाद उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न इवेंट्स के मद्देनजर मैदान की सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही इवेंटवार विस्तृत योजना तैयार कर परीक्षा के सफल संचालन के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों और मानकों का अक्षरशः पालन किया जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविन्द्र कुमार गुप्ता, पुलिस उपाधीक्षक आलोक रंजन, एसडीपीओ पतरातू राघवेंद्र शर्मा, डीआईओ मनीष सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।