कोलकाता/रांची, 18 सितंबर: झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में लंबे समय से सक्रिय प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता और एक करोड़ रुपये के इनामी असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर उर्फ मनोज को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, उसे पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया।
असीम मंडल माओवादी संगठन की केंद्रीय कमेटी का सदस्य और पश्चिम बंगाल स्टेट कमेटी-I का सचिव बताया गया है। उस पर झारखंड सरकार ने एक करोड़ रुपये, जबकि ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। इस तरह उसके ऊपर कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरफ्तारी से पहले असीम मंडल आम ग्रामीण की तरह छिपकर रह रहा था। वह अपने परिचितों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर लगातार स्थान बदल रहा था। बताया गया है कि आगे की यात्रा के लिए पैसे लेने वह पोटाशपुर पहुंचा था, जहां पहले से सक्रिय STF टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से माओवादी साहित्य, प्रचार सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है।
असीम मंडल का नाम झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम के जंगलों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क से जुड़ा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, उसके दस्ते की गतिविधियां सारंडा, दलमा और सीमावर्ती जंगलों में रही हैं। मार्च 2026 में छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारांगपोंगा में उसके दस्ते के साथ मुठभेड़ में सुरक्षा बलों के जवान घायल हुए थे।
असीम मंडल की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों को उसके संगठन, सहयोगियों, हथियारों और सीमावर्ती क्षेत्रों में माओवादी गतिविधियों से संबंधित जानकारी मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के अनुसार, उससे पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।