रामगढ, 16 सितंबर: राधा गोविंद विश्वविद्यालय परिसर में गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। इस दौरान विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी समेत शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
पूजन अनुष्ठान आचार्य मुकेश पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। दूसरे दिन हवन, आरती और प्रसाद वितरण के बाद गणेश प्रतिमा का विसर्जन उत्साहपूर्वक किया गया। विसर्जन यात्रा के दौरान पूरा परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से गूंज उठा।
कुलाधिपति बी. एन. साह ने भगवान गणेश से विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता और बुद्धि के देवता हैं। उनकी आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और नई प्रेरणा मिलती है।
सचिव प्रियंका कुमारी ने सभी को गणेश पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।
मौके पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, व्याख्याता, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में श्रद्धा और उल्लास का माहौल बना रहा।