रामगढ़, 8 सितंबर। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल में झारखंड सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री स्व. सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
शोक सभा में विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने स्व. सुदिव्य कुमार सोनू को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके निधन को समाज एवं शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि स्व. सुदिव्य कुमार सोनू का निधन अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि उनके निधन से समाज और शिक्षा जगत को गहरा आघात पहुंचा है। कुलाधिपति ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य, साहस और शक्ति प्रदान करने की कामना की।
शोक सभा के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। विश्वविद्यालय परिवार ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।