सुदिव्य सोनू के आवास पहुंचे बाबूलाल मरांडी, शोकाकुल परिजनों से मिले

Spread the News

गिरिडीह, 08 सितंबर: झारखंड सरकार के दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद उनके गिरिडीह स्थित आवास पर सोमवार को शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उनके आवास पहुंचे। उन्होंने दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की।

बाबूलाल मरांडी ने सुदिव्य कुमार सोनू के निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विचारधारा और दल अलग होने के बावजूद सुदिव्य सोनू से उनका लगातार संवाद और बातचीत होती रहती थी। विधानसभा में भी वे सरकार का पक्ष मजबूती और बेबाकी के साथ रखते थे तथा विपक्ष के सवालों का स्पष्ट जवाब देते थे।

उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू का मुखर और स्पष्ट व्यक्तित्व हमेशा याद किया जाएगा। मरांडी ने शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की सांत्वना दी तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है। उनके आवास पर लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और समर्थक पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।