सुदिव्य सोनू के निधन पर राजनीतिक गतिविधियां थमीं, झामुमो-भाजपा ने कार्यक्रम टाले

Spread the News

रांची, 06 सितंबर: झारखंड सरकार के मंत्री एवं झामुमो के वरिष्ठ नेता सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन से राज्य के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। कार्डियक अरेस्ट के बाद अस्पताल में भर्ती कराए गए सुदिव्य कुमार सोनू का छह सितंबर 2026 को निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत झामुमो के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा ने पार्टी के सभी प्रस्तावित राजनीतिक कार्यक्रमों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। पार्टी महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने इस संबंध में सभी जिला अध्यक्षों, जिला सचिवों, जिला संयोजक प्रमुखों, महानगर अध्यक्षों एवं महानगर संयोजकों को सूचना दे दी है।

इसी क्रम में सोमवार, 7 सितंबर 2026 को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (MMDR) के विरोध में प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन भी अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। झामुमो की ओर से पिछले दिनों इस कानून के खिलाफ प्रखंड स्तर पर आंदोलन की तैयारी की जा रही थी।

गौरतलब है कि MMDR संशोधन को लेकर झामुमो और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी तेज रही है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इससे पहले झामुमो और कांग्रेस पर कानून को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया था और भाजपा की ओर से इसके पक्ष में जागरूकता अभियान चलाने की बात कही थी।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद भाजपा ने भी अपने प्रस्तावित राजनीतिक कार्यक्रमों को स्थगित करने का निर्णय लिया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रविवार शाम प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की प्रस्तावित प्रेस वार्ता भी स्थगित कर दी गई है। पार्टी की ओर से आगे के कार्यक्रमों के संबंध में बाद में सूचना जारी की जाएगी।

सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों में शोक का माहौल है। उनके निधन को झामुमो के लिए बड़ी राजनीतिक एवं संगठनात्मक क्षति माना जा रहा है।