रेलवे में 5165 पदों पर भर्ती को मंजूरी, 12वीं पास से ग्रेजुएट तक के युवाओं को मौका

Spread the News

रांची, 06 सितंबर: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में गैर-तकनीकी लोकप्रिय श्रेणी के 5,165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इनमें 3,477 पद स्नातक स्तर और 1,688 पद अंडर ग्रेजुएट यानी 12वीं स्तर के हैं। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद इन पदों के लिए केंद्रीयकृत रोजगार अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

स्नातक स्तर की भर्ती में सबसे अधिक मालगाड़ी प्रबंधक के 2,750 पद हैं। इसके अलावा वरिष्ठ लिपिक सह टंकक के 371, कनिष्ठ लेखा सह टंकक के 300 और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 56 पद शामिल हैं।

अंडर ग्रेजुएट श्रेणी में कुल 1,688 पद हैं। इनमें जूनियर क्लर्क सह टंकक के 600, कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 700, अकाउंट्स क्लर्क सह टंकक के 200 और ट्रेन क्लर्क के 188 पद शामिल हैं।

रेलवे बोर्ड ने फिलहाल पदों को मंजूरी दी है। आवेदन शुरू होने और अंतिम तिथि की आधिकारिक घोषणा विस्तृत जारी होने के बाद होगी। इसलिए अभ्यर्थियों को आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आरआरबी की वेबसाइट पर ही शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, शुल्क, आरक्षण, परीक्षा तिथि और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

एनटीपीसी भर्ती में पद के अनुसार कंप्यूटर आधारित परीक्षा के विभिन्न चरण आयोजित किए जाते हैं। कुछ पदों के लिए टाइपिंग स्किल टेस्ट या एप्टीट्यूड टेस्ट भी लागू हो सकता है। अंतिम चयन संबंधित पद की निर्धारित प्रक्रिया और मेरिट के आधार पर होगा।

अभ्यर्थियों के लिए सलाह: अभी से सामान्य जागरूकता, गणित, रीजनिंग और संबंधित विषयों की तैयारी शुरू कर देना बेहतर होगा। आवेदन की तारीख और विस्तृत पदवार नियमों के लिए केवल आधिकारिक रेलवे भर्ती बोर्ड की अधिसूचना को ही अंतिम मानें।