झारखंड के चार जिलों में रेड अलर्ट, 20 सेमी से अधिक बारिश का खतरा; फ्लैश फ्लड की आशंका

Spread the News

रांची,02 सितंबर: झारखंड में मानसून एक बार फिर बेहद सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राज्य के गढ़वा, पलामू, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में मंगलवार और बुधवार को अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर 204.4 मिमी यानी 20 सेमी से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड 2 सितंबर को व्यापक बारिश की स्थिति बनी रहेगी। विभाग ने 2 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश की संभावना भी जताई है।

लगातार तेज बारिश के कारण राज्य के गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा में फ्लैश फ्लड का खतरा बताया गया है। चेतावनी के मुताबिक निचले इलाकों में अचानक पानी भरने और जलभराव की स्थिति बन सकती है।

भारी बारिश का असर नदियों पर भी दिखने लगा है। पलामू क्षेत्र में उत्तर कोयल समेत कई नदियां उफान पर हैं। सोन नदी का जलस्तर भी खतरे के निशान को पार कर चुका है। प्रशासन ने हुसैनाबाद और हैदरनगर समेत नदी किनारे के इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

उत्तर कोयल नदी तंत्र से अतिरिक्त पानी आने के कारण सोन नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और संवेदनशील गांवों में लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से सावधान किया जा रहा है।

मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों से नदी, नाला, पुल-पुलिया तथा जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। अत्यधिक बारिश की स्थिति में अचानक फ्लैश फ्लड, सड़क संपर्क बाधित होने और खेतों में पानी भरने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में बारिश का दौर 5 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है।