रांची में 30 अगस्त को होगी NEET-PG परीक्षा, चार केंद्रों पर निषेधाज्ञा

Spread the News

रांची, 26 अगस्त: राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातकोत्तर (NEET-PG) 2026 का आयोजन 30 अगस्त को किया जाएगा। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) के अनुसार परीक्षा देशभर में एक ही पाली में सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक कंप्यूटर आधारित माध्यम से होगी।

रांची में परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने भी सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है। शहर में NEET-PG परीक्षा के लिए चार परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से सभी केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू करने का निर्णय लिया है। यह आदेश 30 अगस्त को सुबह 6 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।

रांची में निर्धारित परीक्षा केंद्रों में राम तहल चौधरी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RTCIT), अनंदी, ओरमांझी, अरुणिमा टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, लोअर चुटिया, आईक्यूब डिजिटल, इरबा और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल, पुराना एचबी रोड शामिल हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनधिकृत भीड़, प्रदर्शन या ऐसी किसी गतिविधि पर रोक रहेगी, जिससे परीक्षा संचालन प्रभावित हो सकता है।

इधर, NBEMS ने NEET-PG 2026 के एडमिट कार्ड जारी करने की तारीख में बदलाव किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार एडमिट कार्ड 25 अगस्त को उपलब्ध कराया जाना है। अभ्यर्थी NBEMS की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।

परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड में दिए गए परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें तथा निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचें। रांची जिला प्रशासन ने भी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की तैयारी की है।