खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध नष्ट

Spread the News

रामगढ़, 26 अगस्त: आगामी त्योहारों को देखते हुए उपायुक्त रामगढ़ के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर के विभिन्न होटल एवं मिठाई प्रतिष्ठानों में औचक जांच अभियान चलाया। इस दौरान सुभाष चौक स्थित न्यू पूनम स्वीट्स और शालीमार स्वीट्स समेत अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान शालीमार स्वीट्स से मोतीचूर के लड्डू तथा न्यू पूनम स्वीट्स से पेड़ा का नमूना संग्रह किया गया। दोनों नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है। वहीं, शालीमार स्वीट्स में करीब 40 लीटर एक्सपायर्ड दूध पाए जाने पर उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और खाद्य पदार्थों के निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग नहीं किया जाए।

अभियान के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों के आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मो. मंजर हुसैन, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा एवं खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी शामिल थे।