22-23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर, फॉर्म-6 और 8 भरने का अंतिम मौका

Spread the News

रांची, 21 अगस्त: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 के तहत 22 और 23 अगस्त को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम-पता अथवा अन्य विवरण में सुधार तथा मतदान केंद्र से संबंधित आवश्यक बदलाव के लिए आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

शिविर के दौरान फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। वहीं फॉर्म-8 का इस्तेमाल मतदाता सूची में सुधार, निवास स्थान के अनुसार मतदान केंद्र स्थानांतरण तथा अन्य निर्धारित संशोधनों के लिए किया जाता है।

निर्वाचन विभाग के अनुसार, ऐसे पात्र भारतीय नागरिक जो 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं और संबंधित मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिन मतदाताओं के नाम गलत मतदान केंद्र पर दर्ज हैं या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, वे फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक स्थानांतरण या संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

विशेष शिविरों में बीएलओ मौजूद रहेंगे और मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देंगे। कई जिलों में शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है।

मतदाता सूची के प्रारूप के प्रकाशन के बाद दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया भी जारी है। विभिन्न जिलों में 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावे-आपत्तियां स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बाद 25 अगस्त से 4 सितंबर तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान भी चलाया जाएगा।

निर्वाचन अधिकारियों ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 22 और 23 अगस्त को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जरूर जांचें। नाम नहीं होने, गलत जानकारी दर्ज होने या मतदान केंद्र से संबंधित समस्या होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से समय रहते आवेदन करें, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अधिक समावेशी बनाया जा सके।