रामगढ़, 17 अगस्त: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन झारखंड के तहत रामगढ़ जिले को डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज टाउन हॉल, रामगढ़ में ‘मॉडल डिस्ट्रिक्ट इनिशिएटिव’ कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने तथा आम लोगों को सुलभ, पारदर्शी और त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
कार्यशाला के आयोजन को लेकर रविवार को सिविल सर्जन रामगढ़ डॉ. अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मॉडल जिला पहल के माध्यम से जिले के सभी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्वास्थ्य कर्मियों को डिजिटल स्वास्थ्य मिशन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही नागरिकों के डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के लिए ABHA ID के शत-प्रतिशत निर्माण और उसके सुरक्षित प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
कार्यशाला के दौरान डिजिटल माध्यम से पर्ची, जांच रिपोर्ट तथा टेली-परामर्श जैसी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में भी चर्चा होगी। इसका उद्देश्य मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक सुगमता और कम समय में उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सुनील कुमार बर्णवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यशाला में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर स्वास्थ्य पदाधिकारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को जानकारी दी जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने जिले के सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों से निर्धारित समय पर कार्यशाला में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, मॉडल जिला पहल के सफल क्रियान्वयन से रामगढ़ में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।