रांची-रामगढ़ एनएच की घाटी में भीषण सड़क हादसा: कार पर पलटा भारी ट्रक, दो लोगों को सुरक्षित निकाला

Spread the News

रामगढ़, 30 जुलाई। रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्घटना संभावित घाटी में गुरुवार तड़के सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार भारी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक के नीचे दबी कार में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

दुर्घटना के कारण रांची-रामगढ़ मार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

गौरतलब है कि रांची-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग की चुटूपालू घाटी लंबे समय से सड़क दुर्घटनाओं के लिए बदनाम रही है। हाल के सप्ताहों में भी इस मार्ग पर ब्रेक फेल होने और अनियंत्रित भारी वाहनों से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन और एनएचएआई ने पहले भी इस क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय बढ़ाने तथा दीर्घकालिक समाधान की योजना बनाने की बात कही थी, लेकिन दुर्घटनाओं का सिलसिला अभी भी जारी है।

प्रशासन ने वाहन चालकों, विशेषकर भारी वाहनों के चालकों से अपील की है कि घाटी क्षेत्र में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच कर ही यात्रा करें और बारिश के मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतें।