गोला में उपायुक्त ने किया आधुनिक कृषि गतिविधियों का निरीक्षण, जलवायु अनुकूल खेती पर दिया जोर

Spread the News

रामगढ़, 25 जुलाई : उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को गोला प्रखंड के सरला कला एवं औराडीह गांव का दौरा कर एकीकृत कृषि गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर किसानों से संवाद किया और आधुनिक कृषि तकनीकों के उपयोग की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रिप सिंचाई, मल्चिंग, मल्टी-लेयर फार्मिंग, प्रोटेक्टेड कल्टीवेशन, ग्राफ्टेड टमाटर की खेती तथा सोलर इरिगेशन लिफ्ट परियोजना का अवलोकन किया।

उपायुक्त ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और एल नीनो जैसी परिस्थितियों को देखते हुए जल संरक्षण एवं आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग से कम पानी में अधिक उत्पादन संभव है, जबकि मल्टी-लेयर फार्मिंग से एक ही खेत में विभिन्न फसलों की खेती कर किसानों की आय बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने पात्र किसानों को शेड नेट योजना से जोड़ने का भी निर्देश दिया।

सोलर इरिगेशन लिफ्ट परियोजना का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने इसे किफायती एवं टिकाऊ सिंचाई मॉडल बताते हुए पूरे जिले में चरणबद्ध विस्तार करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को जलवायु अनुकूल कृषि तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, गोला बीडीओ सुधा वर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी डॉ. सुधांशु शेखर, वैज्ञानिक डॉ. इंद्रजीत, प्रदान संस्था के हिमांशु निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं किसान उपस्थित थे।