रांची, 21 जुलाई: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश के प्रतिष्ठित और एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियनऑयल डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित होने वाले रांची चरण के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर मुकाबलों का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
डूरंड कप का समग्र आयोजन 25 जुलाई से शुरू होकर 23 अगस्त तक चलेगा। इस बार टूर्नामेंट के मुकाबले कोलकाता, रांची, गुवाहाटी, शिलांग और इंफाल सहित पांच मेजबान शहरों में खेले जाएंगे। रांची पहली बार इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का मेजबान बना है, जिसे झारखंड के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 26 जुलाई से 16 अगस्त तक कुल सात मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें ग्रुप चरण के मैचों के अलावा एक क्वार्टर फाइनल भी शामिल है। आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार, भारतीय सेना और संबंधित एजेंसियों ने सुरक्षा, यातायात, दर्शकों की सुविधाओं तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
टूर्नामेंट के प्रति लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए हाल ही में डूरंड कप की ट्रॉफियों का रांची में रोड शो भी निकाला गया। अधिकारियों ने इसे झारखंड में फुटबॉल संस्कृति को नई पहचान दिलाने और राज्य के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक अवसर बताया है।