झारखंड को मिलेगा पहला फिल्म संस्थान, 22 जुलाई को JFDCL और SRFTI के बीच होगा ऐतिहासिक एमओयू

Spread the News

रांची, 21 जुलाई : झारखंड में फिल्म उद्योग को नई दिशा देने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच के अनुरूप राज्य के पहले फिल्म संस्थान की स्थापना का रास्ता साफ होने जा रहा है। इसी कड़ी में 22 जुलाई को झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।

इस समझौते के बाद झारखंड के युवाओं को फिल्म निर्माण, निर्देशन, अभिनय, पटकथा लेखन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, ध्वनि, एनीमेशन तथा अन्य तकनीकी क्षेत्रों में पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। राज्य सरकार का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा और प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें फिल्म एवं मनोरंजन उद्योग में बेहतर अवसर मिल सकें।

सरकार का मानना है कि इस पहल से झारखंड में फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे तथा राज्य की समृद्ध संस्कृति, लोककला और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान मिलेगी। साथ ही, फिल्म पर्यटन और रचनात्मक उद्योगों के विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

उल्लेखनीय है कि SRFTI देश के प्रतिष्ठित फिल्म एवं टेलीविजन शिक्षण संस्थानों में से एक है। इसके साथ साझेदारी झारखंड में फिल्म शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है।