रांची, 21 जुलाई: एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप 2026 के आयोजन को लेकर राजधानी रांची में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पहली बार मेजबान शहर बने रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले जाने वाले मुकाबलों के लिए दर्शकों को 22 जुलाई से मुफ्त टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे। टिकटों का वितरण स्टेडियम के निर्धारित काउंटर से ‘पहले आओ–पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। एक व्यक्ति को सीमित संख्या में ही टिकट दिए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक फुटबॉल प्रेमियों को मुकाबले देखने का अवसर मिल सके।
डूरंड कप का 135वां संस्करण 25 जुलाई से 23 अगस्त तक आयोजित होगा। इस बार टूर्नामेंट के मुकाबले कोलकाता, गुवाहाटी, इम्फाल, शिलांग और रांची में खेले जाएंगे। रांची पहली बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में ग्रुप चरण के मुकाबलों के साथ-साथ नॉकआउट मैच भी प्रस्तावित हैं।
आयोजकों ने फुटबॉल प्रेमियों से समय पर पहुंचकर मुफ्त टिकट प्राप्त करने और बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। डूरंड कप में देश के प्रमुख क्लबों और सेना की टीमों सहित कुल 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिससे दर्शकों को उच्चस्तरीय फुटबॉल मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।