रामगढ़, 18 जुलाई: समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने सभी फरियादियों से संवेदनशीलता के साथ बारी-बारी से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनता दरबार में सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन योजनाओं, अबुआ आवास योजना, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, दखल-दिहानी, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, सड़क निर्माण सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और अंतिम व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।