रामगढ़ पहुंची विधानसभा की सदाचार समिति, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 17 जुलाई: झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने गुरुवार को रामगढ़ जिले का दौरा कर विभिन्न विभागों के कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। परिसदन, रामगढ़ के सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता समिति के सभापति रामचंद्र सिंह ने की, जबकि समिति के सदस्य चंद्रदेव महतो भी मौजूद रहे।

बैठक में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति के लंबित मामलों, पेंशन प्रकरणों के निष्पादन, जनहितकारी योजनाओं की प्रगति तथा लाभुकों तक योजनाओं की पहुंच की विस्तार से समीक्षा की गई। समिति के सभापति ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए और संबंधित विभाग अद्यतन प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराएं।

समीक्षा के दौरान पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, खाद्य आपूर्ति, भवन निर्माण, पथ निर्माण, खनन, शहरी एवं ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, कल्याण, कृषि, शिक्षा, निबंधन तथा जिला योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन, सामने आ रही चुनौतियों तथा उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की।

बैठक को संबोधित करते हुए सभापति रामचंद्र सिंह ने कहा कि सदाचार समिति का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समयबद्धता सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों से जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय वरीय अधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।