नई दिल्ली, 15 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में कार्यरत बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों को एकमुश्त 6,000 रुपये का अतिरिक्त मानदेय देने का निर्णय लिया है। यह राशि उन्हें मिलने वाले वार्षिक मानदेय के अतिरिक्त दी जाएगी।
आयोग ने बताया कि एसआईआर के दौरान बीएलओ और सुपरवाइजर मतदाताओं का घर-घर सत्यापन, नए मतदाताओं का पंजीकरण और मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य कर रहे हैं। उनके अतिरिक्त कार्यभार को देखते हुए यह प्रोत्साहन राशि स्वीकृत की गई है।
इस संबंध में आयोग ने झारखंड सहित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इससे एसआईआर अभियान में लगे हजारों बीएलओ और सुपरवाइजरों को लाभ मिलेगा।