रांची की मानसी कुमारी को मिला टैली MSME ऑनर्स 2026 का ‘वंडर वूमेन अवॉर्ड’

Spread the News

‘रांची, 14 जुलाई: झारखंड की राजधानी रांची की युवा महिला उद्यमी एवं ‘अंत्रिका’ स्टार्टअप की संस्थापक मानसी कुमारी को देश के प्रतिष्ठित टैली MSME ऑनर्स 2026 में ‘वंडर वूमेन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन महिला उद्यमियों को दिया जाता है जिन्होंने नवाचार, नेतृत्व क्षमता, उद्यमिता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

मानसी कुमारी ने अपने स्टार्टअप अंत्रिका के माध्यम से नवाचार आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देते हुए युवाओं, विशेषकर महिलाओं के लिए नए अवसर सृजित किए हैं। उनकी इस उपलब्धि से झारखंड के स्टार्टअप इकोसिस्टम को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है।

टैली MSME ऑनर्स देश और विदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सम्मानित करने वाला एक प्रतिष्ठित मंच है। वर्ष 2026 में इसके अंतर्गत वंडर वूमेन, बिजनेस मेस्ट्रो, न्यूजेन आइकन, टेक ट्रांसफॉर्मर और चैंपियन ऑफ कॉज जैसी श्रेणियों में उत्कृष्ट उद्यमियों को सम्मानित किया गया। इस मंच का उद्देश्य नवाचार, रोजगार सृजन और सामाजिक प्रभाव डालने वाले उद्यमियों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करना है।

मानसी कुमारी को मिले इस सम्मान पर झारखंड के उद्यमिता जगत में खुशी की लहर है। उद्योग जगत और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इसे राज्य की महिला उद्यमियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताते हुए उन्हें बधाई दी है। यह सम्मान झारखंड की उभरती महिला उद्यमियों के लिए भी एक प्रेरणा माना जा रहा है।