रामगढ़, 12 जुलाई: रजरप्पा स्थित सीसीएल प्रोजेक्ट स्टेडियम में आयोजित 20वीं सब-जूनियर राज्य स्तरीय बालिका खो-खो चैंपियनशिप 2026-27 का शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्रतियोगिता स्थल पर खिलाड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आयोजन समिति एवं संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खेल मैदान, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों से आई प्रतिभागी खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और पूरे जोश, अनुशासन तथा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत बनाते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी, खेल विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।