गढ़वा, 12 जुलाई: गढ़वा जिले में विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं से पैसे वसूलने के आरोप में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। रंका प्रखंड की खपरो पंचायत अंतर्गत गोरियाबांध टोला की आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून को बूथ लेवल ऑफिसर के दायित्व से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और मामले की जांच के बाद की गई।
वायरल वीडियो में आरोप लगाया गया था कि मतदाता सत्यापन प्रपत्र उपलब्ध कराने, भरवाने और जमा कराने के नाम पर लोगों से 50 से 100 रुपये तक की मांग की जा रही थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर कार्य में अनावश्यक बाधा उत्पन्न की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और निर्वाचन अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू की।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद संबंधित आंगनबाड़ी सेविका जबिला खातून को तत्काल प्रभाव से बीएलओ के दायित्व से हटा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण से संबंधित सभी सेवाएं पूरी तरह निशुल्क हैं और किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कोई कर्मचारी या अधिकारी पैसे की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी से करने की अपील की गई है।