रांची, 12 जुलाई: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर झारखंड सरकार ने विभिन्न सरकारी विभागों में लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया तेज कर दी है। सरकार ने सभी विभागों से रिक्त पदों का अद्यतन विवरण मांगा है ताकि चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की जा सके। इस पहल से राज्य के लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने की उम्मीद जगी है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के विभिन्न विभागों में कुल 3,51,968 नियमित पद स्वीकृत हैं। इनमें से वर्तमान में केवल 1,87,610 पदों पर ही अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 1,64,358 पद अभी भी रिक्त हैं। इन खाली पदों पर नियुक्ति के लिए विभागवार तैयारी शुरू कर दी गई है।
सरकार का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस, राजस्व, ग्रामीण विकास, पेयजल, तकनीकी एवं अन्य महत्वपूर्ण विभागों में कर्मचारियों की कमी दूर कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाना है। विभागों को रिक्तियों का सत्यापन कर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार का मानना है कि बड़े पैमाने पर होने वाली इन नियुक्तियों से एक ओर सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा, वहीं दूसरी ओर बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे। अब युवाओं की नजर सरकार की ओर से जारी होने वाले भर्ती कैलेंडर और विभिन्न नियुक्ति विज्ञापनों पर टिकी हुई है।